logo

लक्ष्मी को घर में बुलाना है, तो इस दिवाली झाड़ू लेकर नेताओ की सफाई कीजिये: प्रशांत किशोर

prashant_1.jpeg

पटना

जन सुराज के मुखिया प्रशांत किशोर ने आज बिहार की जनता से भ्रष्ट नेताओं से बचने का आग्रह किया। कहा कि बिहार में खुशहाली तभी आयेगी जब इस दिवाली में झाड़ू से बेइमान नेताओं की सफाई कीजियेगा। कहा कि इसी से आपके घर में लक्ष्मी आयेगी। प्रशांत ने कहा, जन सुराज व्यवस्था के तहत नाली गली बने या न बने, स्कूल अस्पताल जब सुधरेगा तब सुधरेगा। लेकिन एक साल के अंदर जितने आपके घर के लोग बाहर राज्यों में मजदूरी करने गए हैं या जो लोग बेरोजगार हैं, उन सभी के लिए 12-15000 के रोजगार का व्यवस्था जरूर होगी। ये बातें जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने जन संवाद के दौरान कहीं।

बिहार से क्यों नहीं रुक रहा पलायन 
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि बिहार में बहुत सारे लोग कह रहे हैं कि ये कैसे होगा। मैं आपसे पूछता हूं कि हरियाणा, पंजाब से कोई नौकरी करने बिहार आ रहा है? उस प्रदेश में भी तो गरीब हैं। वहां पर भी लोग मजदूर हैं। वहां पर भी नेता चोरी कर रहा है। लेकिन इतनी व्यवस्था उन राज्यों में हो गई है कि किसी भी आदमी को 12-15 हजार के रोजगार के लिए सोचना नहीं पड़ रहा है। अगर ये व्यवस्था पंजाब हरियाणा में हो सकती है, तो बिहार में भी तो हो सकती है। 

धर्म का झाड़ू इस्तेमाल कीजिये 

लोगों को वोट की ताकत का एहसास कराते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि अगली बार वोट नेता का चेहरा देखकर नहीं अपने बच्चों का चेहरा देख कर देना है। इस बार वोट की कीमत होगी रोजगार और पढ़ाई। अभी दिवाली आ रही है। दिवाली में लक्ष्मी जी को बुलाने के लिए क्या करना पड़ता है? पूजा से भी पहले झाड़ू मारकर सफाई करते हैं। बिहार के जितने भी नेता हैं, जिन्होंने आपको लूटकर कंगाल बनाया है, तो धर्म का झाड़ू लेकर सबको बाहर भगाइए। बिहार तभी सुधरेगा। वरना आपके बच्चों का जीवन इसी भिखारीपने में गुजरेगा।